छत्तीसगढ़ बीजेपी ने 2 राज्यसभा सीटों के लिए हाईकमान को भेजा 7 नामों का पैनल

छत्तीसगढ़ बीजेपी ने 2 राज्यसभा सीटों के लिए हाईकमान को भेजा 7 नामों का पैनल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। 26 मार्च से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। पैनल में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और सामान्य वर्ग के नेताओं को शामिल करते हुए जातीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है।
इन नामों पर बनी सहमति की संभावना
भाजपा की ओर से भेजे गए पैनल में नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी, किरण बघेल, गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव, सरोज पांडे और नारायण सिंह चंदेल के नाम शामिल हैं।
एससी वर्ग से: नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी, किरण बघेल
सामान्य वर्ग से: गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव, सरोज पांडे
ओबीसी वर्ग से: नारायण सिंह चंदेल
सूत्रों के अनुसार अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। दूसरी ओर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में अभी नामों को लेकर मंथन जारी है।
10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव
भारत निर्वाचन आयोग ने 18 फरवरी को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया था। इन राज्यों में महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान 16 मार्च को होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे। ये सीटें अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के कारण रिक्त हो रही हैं।
छत्तीसगढ़ में दो सीटों पर मुकाबला
छत्तीसगढ़ में दो सीटों पर चुनाव होना है। राज्य में विधानसभा की वर्तमान स्थिति को देखते हुए मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। राष्ट्रीय स्तर पर महाराष्ट्र से सबसे अधिक सात सीटें खाली हो रही हैं, जबकि तमिलनाडु और बिहार से छह-छह सीटों पर चुनाव होगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा के साथ चुनावी समीकरण और स्पष्ट हो जाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *