रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार सुबह जांगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के किनारे बसे जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस गोलीबारी में जवानों ने दो वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है।
इंद्रावती के जंगलों में तड़के हुई मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों को जांगला क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली थी। इसी आधार पर जवान सर्चिंग ऑपरेशन पर निकले थे। गुरुवार सुबह जैसे ही बल इंद्रावती नदी के पास पहुंचा, घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो माओवादी मारे गए।
आधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरामद
मुठभेड़ के बाद जब इलाके की सर्चिंग की गई, तो वहां से दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद हुए। इनके पास से सुरक्षा बलों ने घातक हथियार भी जब्त किए हैं, जिनमें एक SLR राइफल, एक इंसास (INSAS) राइफल और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री और नक्सली साहित्य शामिल हैं
SP जितेंद्र यादव ने की पुष्टि
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक (SP) जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ और दो नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त की जा रही है। इलाके में अभी भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है ताकि छिपे हुए अन्य नक्सलियों का पता लगाया जा सके।

Posted inChhattisgarh News
