बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने स्टेट बैंक की बिल्हा शाखा में 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए के गबन मामले में फरार चल रही कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले आठ माह से फरार थी। ACB की टीम एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही कैशियर की तलाश में जुटी थी। बिल्हा शाखा में मुखबिर भी तैनात किया गया था। गुरुवार को सूचना मिली कि कैशियर तेजवथ बैंक पहुंची है। सूचना मिलते ही ACB की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
क्या है मामला
मामला बिल्हा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा का है। वर्ष 2025 में बैंक राशि में गड़बड़ी का मामला सामने आया था। रिकॉर्ड और खातों की जांच में पाया गया कि शाखा में पदस्थ कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य कर्मचारियों ने मिलकर बैंक के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए का गबन किया।
विभागीय जांच में खुलासा
बैंक में जमा राशि में अंतर पाए जाने पर शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने विभागीय जांच कराई। जांच में आर्थिक अनियमितता सामने आने के बाद इसकी सूचना मुख्यालय को दी गई। इसके बाद कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के साथ ही उसे रिजनल बिजनेस ऑफिस, जगदलपुर में अटैच किया गया था, लेकिन जून 2025 में निलंबन के बाद उसने न तो जगदलपुर में जॉइन किया और न ही बिल्हा शाखा में उपस्थित हुई। तब से वह फरार चल रही थी।
एसीबी में दर्ज हुआ था मामला
विभागीय जांच के बाद शाखा प्रबंधक ने मामले की शिकायत ACB में की थी। इस पर 19 जनवरी 2026 को एसीबी ने तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(A), 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 316(5), 318(4), 61(2), 338, 336(3), 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया था।

Posted inChhattisgarh News
