कलेक्टर ने मर्दापाल क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों व छात्रावास का किया निरीक्षण

कलेक्टर ने मर्दापाल क्षेत्र के स्वास्थ्य केन्द्रों व छात्रावास का किया निरीक्षण

कोण्डागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने बुधवार को मर्दापाल तहसील अंतर्गत स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आश्रम छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम चेमा स्थित उप स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा भवन के मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की प्राथमिकता से नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर भवन को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने तथा भोजन निर्माण के लिए गैस सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने लखापुरी स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा की तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु काउंसिलिंग पर विशेष जोर देने को कहा। कलेक्टर ने मर्दापाल स्थित बाल आश्रम कड़ेनार का भी निरीक्षण कर वहां की आवासीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेन्द्र तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *