सफाई, सड़क और पेयजल व्यवस्था पर निगम का विशेष फोकस

सफाई, सड़क और पेयजल व्यवस्था पर निगम का विशेष फोकस

राजनांदगांव । नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, पेयजल, सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा शहर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती गर्मी को देखते हुए सड़क किनारे, फ्लाईओवर के नीचे तथा डिवाइडरों में लगाए गए वृक्षों एवं पौधों के संरक्षण के लिए टैंकरों के माध्यम से नियमित सिंचाई की जा रही है। साथ ही पौधों की आवश्यक देखरेख भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि गर्मी के कारण वृक्षों के सूखने की स्थिति से बचाव किया जा सके।
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वार्डों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। सफाई कार्य में लापरवाही मिलने अथवा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख नालों एवं कॉलोनियों की नालियों की सफाई का अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकांश नालों की सफाई प्रथम चरण में पूरी हो चुकी है तथा शेष स्थानों पर कार्य जारी है। बस स्टैंड क्षेत्र में अस्थायी रूप से एकत्रित किए जाने वाले कचरे का भी प्रतिदिन उठाव कर स्वच्छता बनाए रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित शासकीय आवासों के आसपास की सड़कों और नालियों की नियमित सफाई की जा रही है। सूचना प्राप्त होने पर सेप्टिक टैंकों की सफाई भी निगम द्वारा कराई जाती है, जबकि भवनों के मरम्मत एवं संधारण संबंधी आवश्यकताओं से लोक निर्माण विभाग को अवगत कराया जाता है। नगर निगम द्वारा पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सेठी नगर क्षेत्र में पाइपलाइन विस्तार का कार्य किया गया है। साथ ही क्षेत्रवासियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पुराने पाइपलाइन से नये पाईप लाईन में नल कनेक्शन को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी है।
शहर की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मार्गों के डामरीकरण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। गुणवत्ता में कमी या कार्य में विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। पुन: निविदा प्रक्रिया के बाद कार्यादेश जारी किए गए हैं तथा निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं करने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों को नोटिस जारी किया गया है। नगर निगम शहर की सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भी सतर्क है। रानी सागर की बाउंड्रीवाल की रेलिंग को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने पर निगम ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। रानीसागर स्थित चौपाटी में निर्मित लक्ष्मण झूला के पुराने हो चुके केबल वायर क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इसके मरम्मत कार्य की विभागीय प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नगर निगम शहर में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर सक्रिय तथा विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों के माध्यम से जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *