गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे चार वाहनों को जब्त किया है।
जब्त किए गए वाहनों में एक हाईवा और तीन ट्रैक्टर शामिल हैं। कलेक्टर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जिले में खनिजों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खनिज अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। इसी दौरान खंता, अन्डी और पीपरखूंटी क्षेत्रों से रेत एवं गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए इन वाहनों को पकड़ा गया। वाहन मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), (5) एवं 23 (क) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। दोषियों से अर्थदंड और समझौते की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा करा दी गई है।
इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर और नगर सैनिक सतीश साहू एवं साहिब गनी शामिल थे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की औचक कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

Posted inChhattisgarh News
