कोयला लदे दो ट्रेलर भिड़े, चालक की जलकर मौत: दूसरे ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

कोयला लदे दो ट्रेलर भिड़े, चालक की जलकर मौत: दूसरे ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 2 ट्रेलर की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर में आग लग गई और उसमें फंसे ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों वाहनों में कोयला लोड था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हादसा तमनार थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ग्राम झिंकाबहाल के पास हुई। 2 ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। आग की लपटों में एक ड्राइवर फंस गया और वह बाहर नहीं निकल सका।
वहीं दूसरे ट्रेलर का ड्राइवर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। हादसा होते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग बुझाई गई।
एक कोयला लदा ट्रेलर गारे 4/6 माइंस से डोंगामौआ की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर ओडिशा की ओर से किसी पावर प्लांट की तरफ जा रहा था। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया है।
तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि घटना के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। दूसरा ड्राइवर मौके से भाग गया है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *