सूरजपुर । सूरजपुर जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। गुरुवार को रामानुजनगर तहसील में संचालित दो अवैध क्रशर संयंत्रों को सील कर दिया गया। इस दौरान हजारों टन अवैध गिट्टी और बोल्डर भी जब्त किए गए।
यह पूरा मामला रामानुजनगर तहसील के ग्राम पस्ता से जुड़ा है। पिछले दिनों एसडीएम रामानुजनगर और खनिज विभाग सूरजपुर की एक संयुक्त टीम ने यहां दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि सपना अग्रवाल और गुप्तेश्वर पाण्डेय के नाम से संचालित क्रशर संयंत्र बिना किसी वैध लाइसेंस के चल रहे थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इन दोनों संचालकों की ग्राम छिन्दिया में गौण खनिज पत्थर भंडारण का लाइसेंस काफी समय पहले ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से पत्थर का भंडारण और क्रशिंग का काम लगातार जारी था।
संयुक्त दल ने मौके पर ही दोनों अवैध क्रशर संयंत्रों को तत्काल सीलबंद कर दिया। इसके साथ ही परिसर में भारी मात्रा में भंडारित अवैध गिट्टी और बोल्डर को भी जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Posted inChhattisgarh News
