महिला के आभूषण झपटमारी करने वाला एक आरोपित गिरफ्तार

महिला के आभूषण झपटमारी करने वाला एक आरोपित गिरफ्तार

कांकेर । कांकेर जिले के दुर्गकोंदल थाना क्षेत्र में खेत से पैदल घर लौट रही एक महिला से सोने की माला समझकर गले में पहनी चेन झपटमारी करने वाला एक आरोपी आशीष भट्टाचार्य को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली गई है।
दुर्गकोंदल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थिया श्रीमती कुमारीबाई, निवासी ग्राम घोटिया, विक्रमगंज स्थित अपने खेत से काम खत्म कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान भानुप्रतापपुर-दुर्गकोंदल मुख्य मार्ग पर विक्रमगंज के समीप एक सफेद रंग की कार आकर रुकी। कार में तीन युवक और एक युवती सवार थे। कार से उतरे एक युवक ने बातचीत के बहाने महिला को रोक लिया और उसके गले में पहनी माला को सोने की माला समझकर झपट लिया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर दुर्गकोंदल थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान कर आरोपी आशीष भट्टाचार्य को रायपुर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला के आभूषण एवं घटना में प्रयुक्त मारुति डिजायर कार भी बरामद कर ली है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *