अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर जब्त

अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा (नवापारा) एवं हाथनेवरा क्षेत्र में औचक जांच कर बड़ी कार्रवाई की है। खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में 5 हाईवा एवं 6 ट्रैक्टर शामिल हैं। कार्रवाई के तहत 9 वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा तथा 2 ट्रैक्टरों को थाना नवागढ़ में सुरक्षित रखा गया है।
संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान नवापारा रेत खदान के पहुंच मार्ग को जेसीबी मशीन की सहायता से काटकर अवरुद्ध किया गया, ताकि अवैध खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने बताया कि दर्ज प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *