गैस एजेंसी मैनेजर से 10 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी में कैद

गैस एजेंसी मैनेजर से 10 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाश सीसीटीवी में कैद

रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को गैस एजेंसी के मैनेजर से 10 लाख रुपए की लूट हुई है। बाइक सवार 3 नकाबपोश लुटेरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि ऑफिस के सामने कार पार्क करने के दौरान बदमाश पहले मैनेजर को क्रॉस कर आगे निकल जाते हैं। बाद में वे दोबारा मुड़कर वापस आते हैं। जैसे ही मैनेजर कैश से भरा बैग लेकर गाड़ी से उतरता है, बदमाश यू-टर्न लेकर उसके पास पहुंचते हैं और बैग छीनकर फरार हो जाते हैं।
मैनेजर बाइक सवार लूटेरों के पीछे भागता है, लेकिन वह उन्हें पकड़ नहीं पाता। हालांकि, पीड़ित ने इस मामले के शिकायत थाने में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित का नाम श्रवण साहू है। वह महोबा बाजार का निवासी है और निजी गैस एजेंसी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। शनिवार शाम करीब 7 बजे श्रवण एजेंसी के भुगतान से संबंधित रकम लेने अग्रसेन चौक स्थित कार्यालय पहुंचा था।
वहां से करीब 10 लाख रुपए लेकर वह अपनी कार से टाटीबंध स्थित मुख्य कार्यालय के लिए रवाना हुआ। रास्ते में डगनिया बाजार के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे अपना निशाना बना लिया।
CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात के अनुसार बाइक सवार तीन युवकों ने पहले कार को क्रॉस किया और फिर यू-टर्न लेकर श्रवण के पास वापस लौटे। जैसे ही श्रवण ने कार खड़ी कर बाहर कदम रखा, आरोपियों ने उनके हाथ से कैश से भरा बैग छीना और फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से मैनेजर की गतिविधियों की रेकी कर रखी थी। पीड़ित श्रवण साहू ने बताया कि तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे स्कार्फ से ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों का हुलिया भी ठीक से नहीं देख पाए।
सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
थाना प्रभारी का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों के संभावित भागने के रास्तों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *