छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई 18 को

दुर्ग । महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आगामी 18 जून 2026 को दुर्ग जिले में एक वृहद जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह जनसुनवाई 18 जून को पूर्वान्ह 11.00 बजे से बाल गृह परिसर, पांच बिल्डिंग स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय, दुर्ग के ’प्रेरणा सभाकक्ष’ में आयोजित की जाएगी। इस सुनवाई पीठ (न्यायपीठ) की अध्यक्षता अध्यक्ष डॉ. श्रीमती किरणमयी नायक एवं सदस्यगण श्रीमती ओजस्वी मण्डावी व सुश्री दीपिका शोरी द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी, जिसमें महिला उत्पीड़न से जुड़े कुल 49 निर्धारित प्रकरणों पर गंभीरता से सुनवाई कर उनका मौके पर ही निपटारा किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई के दौरान कानून व्यवस्था और सुनवाई की सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए महिला आयोग द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। चूंकि इस सुनवाई में प्रदेश़ के विभिन्न जिलों (दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, बलरामपुर, कांकेर, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी) से प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। इसके साथ-साथ देश के अन्य राज्यों (जैसे पूर्वी दिल्ली, राजस्थान के जैसलमेर, मध्य प्रदेश के मुरैना, तेलंगाना के हैदराबाद, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर, उन्नाव, वाराणसी व प्रयागराज, पश्चिम बंगाल के पूर्वी वर्धमान, ओडिशा के नयापारा व बलांगीर, और हरियाणा के गुरुग्राम) से जुड़े मामलों के पक्षकार भी शामिल हो रहे हैं। संबंधित थानों को निर्देशित कर आवेदिका और अनावेदकों को समय पर नोटिस तामिल कराकर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *