निलंबित सीएमओ की हुई वापसी, एक कर्मचारी की भी बहाली

निलंबित सीएमओ की हुई वापसी, एक कर्मचारी की भी बहाली

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर रविवार को बड़ा फेरबदल किया है। विभाग ने 18 नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में पदस्थ अधिकारी व कर्मचारियों के तबादले किए है। इसके साथ ही एक सीएमओ और एक सहायक राजस्व अधिकारी को निलंबन से बहाल कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि विभागीय जांच से जुड़े मामलों में आगे की प्रक्रिया जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सीएमओ किरण पटेल को विभागीय जांच जारी रखते हुए निलंबन से बहाल कर दिया गया है। उन्हें प्रशासनिक दृष्टि से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक जांजगीर-चांपा जिले की नगर पंचायत बम्हनीडीह में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि किरण पटेल के खिलाफ चल रही विभागीय जांच प्रक्रिया जारी रहेगी। निलंबन अवधि को लेकर अंतिम फैसला जांच रिपोर्ट और उसके निष्कर्षों के आधार पर लिया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
इसी प्रकार नगरीय प्रशासन विभाग ने एक सहायक राजस्व अधिकारी को भी निलंबन से बहाल कर नई पदस्थापना दी है। विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि प्रशासनिक आवश्यकताओं और कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किए गए हैं। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए विभाग ने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *