अवैध शराब परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 376 लीटर मदिरा और दो वाहन जब्त

अवैध शराब परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, 376 लीटर मदिरा और दो वाहन जब्त

महासमुंद । कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा परिवहन एवं भण्डारण पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई सतत जारी है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में 16 एवं 17 जून को अवैध मदिरा के परिवहन और भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम द्वारा तीन गैर-जमानती प्रकरण दर्ज किए गए, एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
आबकारी विभाग की टीम ने महासमुंद शहर क्षेत्र में गश्त के दौरान 120 लीटर विदेशी मदिरा माल्ट तथा एक चारपहिया वाहन (सुजुकी रिट्ज) जब्त किया। वहीं बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम खुडमुड़ी घाट से ओड़िशा निर्मित 280 पाउच मदिरा (56 लीटर) एवं एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया। इसके अलावा ग्राम खेमड़ा घाट से ओड़िशा राज्य निर्मित 1000 पाउच मदिरा (200 लीटर) जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 376 लीटर अवैध मदिरा एवं दो वाहन जब्त किए गए, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 39 हजार 600 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई कर न्यायालय से रिमांड लेकर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक शिवशंकर नेताम, नितेश सिंह बैस, प्रधान आरक्षक संजय मरकाम तथा आरक्षक सैय्यद इरफान अली, गेवेश सिन्हा, सौरभ सिंह सेन सहित महासमुंद एवं बागबाहरा वृत्त के अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका रही।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *