स्टेपनी टायर में छिपाकर कर रहे थे गांजा तस्करी, जामुल पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, 17.72 लाख की सामग्री जब्त

स्टेपनी टायर में छिपाकर कर रहे थे गांजा तस्करी, जामुल पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा, 17.72 लाख की सामग्री जब्त

दुर्ग ।  जिले की जामुल पुलिस ने गांजा तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप वाहन की स्टेपनी टायरों के अंदर गांजा छिपाकर परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 किलो 500 ग्राम गांजा, एक पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 17 लाख 72 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 जून की दोपहर करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि घासीदास नगर मैदान में खड़ी एक सफेद रंग की पिकअप वाहन (CG 07 CZ 8442) में गांजा रखा गया है। सूचना के आधार पर जामुल पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान वाहन में तीन युवक बैठे मिले। पिकअप में रखे प्लास्टिक कैरेट के बीच दो स्टेपनी टायर संदिग्ध अवस्था में पाए गए। शक होने पर पुलिस ने एक ऑटो मिस्त्री को बुलाकर दोनों टायरों को खुलवाया। जांच में सामने आया कि टायरों के अंदर पैकेट बनाकर गांजा छिपाया गया था।
पुलिस ने एक टायर से 16 और दूसरे टायर से 15 पैकेट बरामद किए। कुल 31 पैकेटों में 15 किलो 500 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिक्री रकम के 2 हजार रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वाहन भी जब्त की। कुल जब्ती की कीमत करीब 17 लाख 72 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोत की जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *