अफेयर के शक में पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर लगाई आग; पति फरार

अफेयर के शक में पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश, पेट्रोल डालकर लगाई आग; पति फरार

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पति ने अफेयर के शक में कमरे में सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की है। महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने आग बुझाकर उसकी जान बचाई। महिला बुरी तरह झुलस गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पति फरार है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, ग्राम रेलहा निवासी 45 वर्षीय महिला अपने पति और 4 बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। महिला और उसका पति परछी में सो रहे थे, जबकि बच्चे कमरे में थे। आरोप है कि रात करीब 2.30 बजे पति उठा और बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद उसने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तड़के सिम्स में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस ने महिला का बयान दर्ज कर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। बुधवार देर शाम आरोपी के बलौदाबाजार में होने की सूचना पर पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो चुका था।
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने अस्पताल में घायल महिला का बयान दर्ज किया। महिला ने बताया कि उसकी शादी को 30 साल हो चुके हैं। उसकी उम्र 45 वर्ष और पति की उम्र 48 वर्ष है। उनके तीन बेटियां और एक बेटा हैं।
महिला के अनुसार पति कई वर्षों से उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर वह अक्सर विवाद और मारपीट करता था। मंगलवार रात भी उसी शंका ने खौफनाक रूप ले लिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *