फायर सेफ्टी फेल, पार्किंग नहीं और सर्टिफिकेट भी गायब; ब्लिंकिट का वेयरहाउस सील

फायर सेफ्टी फेल, पार्किंग नहीं और सर्टिफिकेट भी गायब; ब्लिंकिट का वेयरहाउस सील

रायपुर । रायपुर में नगर निगम ने ऑनलाइन ग्रोसरी डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट (Blinkit) के समता कॉलोनी स्थित डार्क स्टोर (वेयरहाउस) को सील कर दिया। निगम की जांच में पाया गया कि परिसर में नियमानुसार पार्किंग की व्यवस्था नहीं थी, अग्निशमन सुरक्षा मानक अधूरे थे और भवन बिना पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) के संचालित किया जा रहा था।

जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश पर जोन-7 की टीम ने प्रगति कॉलेज के पास स्थित ब्लिंकिट परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग, फायर सेफ्टी और भवन संचालन से जुड़े नियमों के उल्लंघन सामने आए।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक परिसर में ग्राहकों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं थी। साथ ही अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े इंतजाम भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि भवन का संचालन आवश्यक पूर्णता प्रमाणपत्र के बिना किया जा रहा था।

जोन-7 प्रभारी जोन आयुक्त डॉ. तृप्ति पाणिग्रही के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, उप अभियंता प्रेरणा अग्रवाल, चंद्रकांत बर्गे समेत नगर निवेश और राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई की। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए मौके पर ही परिसर को सील कर दिया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति या सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना संचालित होने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े नियमों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *