नवा रायपुर में केबल-लोहे की चोरी का खुलासा, 3-4 साल से सक्रिय दो शातिर चोर गिरफ्तार

नवा रायपुर में केबल-लोहे की चोरी का खुलासा, 3-4 साल से सक्रिय दो शातिर चोर गिरफ्तार

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर क्षेत्र में लंबे समय से हो रही केबल और लोहे के सामान की चोरी के मामले का राखी थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पिछले तीन से चार वर्षों से निर्माणाधीन और सुनसान इलाकों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस को नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) की ओर से शिकायत मिली थी कि सेक्टर-24 सतनाम चौक सहित आसपास के क्षेत्रों से निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले लोहे के छड़, रेलिंग, जाली, रॉड और केबल तारों की लगातार चोरी हो रही है। इसके अलावा रेलवे लाइन के पास लगे लोहे के सामान भी चोरी किए जा रहे थे।
29 जून 2026 की रात एनआरडीए की पेट्रोलिंग टीम ने दो संदिग्धों को केबल चोरी करते हुए देखा था। टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद थाना राखी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पुराने अपराधियों की गतिविधियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने विजय कुमार ठाकुर और विक्की सवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के सामने उन्होंने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय निर्माणाधीन और सुनसान क्षेत्रों से लोहे के छड़, रेलिंग, एंगल, जाली, रॉड, केबल तार और अन्य निर्माण सामग्री चोरी कर उन्हें बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें लोहे के छड़, एंगल, रेलिंग, सड़क किनारे लगे रॉड, रेलवे लाइन के पास से चोरी की गई लोहे की छोटी पटरी तथा केबल तार शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय कुमार ठाकुर (30), निवासी ग्राम पलोद, थाना मंदिर हसौद तथा विक्की सवरा (30), निवासी शांति नगर, ग्राम पटेवा, थाना अभनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आदतन अपराधी हैं और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि दोनों की गिरफ्तारी से नवा रायपुर क्षेत्र में हुई कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। क्षेत्र में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और रात्रि गश्त को और सख्त किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *