दुर्ग । पूजा-पाठ से पारिवारिक समस्याएं दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में भिलाई नगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन बधोरिया को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़ित महिला की मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के माध्यम से सभी परेशानियां दूर करने का दावा किया। इसके बाद उसने पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में महिला से करीब 85 लाख रुपये ऐंठ लिए।
करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी महिला को न तो किसी तरह का लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब पीड़िता ने अपने पैसे लौटाने की मांग की, तो आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में धमकी देकर अवैध वसूली के तथ्य सामने आने पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश के इंदौर में दबिश देकर आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Posted inChhattisgarh News
