रायपुर । छत्तीसगढ़ वन विभाग ने अवैध खैर लकड़ी की तस्करी मामले में रायपुर के एक गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में लकड़ी जब्त किया है। विभाग के अनुसार, कार्रवाई में दो ट्रक से अधिक खैर की लकड़ी बरामद हुई है। गोदाम को सील कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि, जब्त की गई खैर की लकड़ी हरियाणा भेजी जानी थी। खैर की लकड़ी का इस्तेमाल मुख्य रूप से कत्था बनाने में किया जाता है, जिसकी विभिन्न राज्यों और विदेशों में भी मांग रहती है।
यह कार्रवाई प्रधान मुख्य वन संरक्षक और वन बल प्रमुख अरुण कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। संयुक्त अभियान में राज्य उड़नदस्ता के एसडीओ संदीप सिंह राजपूत की टीम, रायपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक कुमार तिवारी और सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष सामंतराय राय शामिल रहे।
वन विभाग के अनुसार, करीब पांच साल पहले भी इसी मामले से जुड़े व्यक्ति से संबंधित एक ट्रक अवैध लकड़ी के साथ जब्त किया गया था। उस प्रकरण में राजसात की कार्रवाई की गई थी और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया था।
वन विभाग ने बताया कि, संबंधित व्यक्ति का नाम पहले भी वन्यजीव अपराधों से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। इनमें तेंदुए की खाल के अवैध व्यापार से जुड़े आरोप भी शामिल रहे हैं। हालांकि, इन मामलों की जांच और न्यायिक प्रक्रिया संबंधित सक्षम प्राधिकारों के अधीन रही है।
वन विभाग ने कहा कि जब्त लकड़ी के स्रोत, परिवहन और तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Posted inChhattisgarh News