नई दिल्ली। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को तीन सदस्यीय सर्च कमेटी द्वारा तीन नामों की सौंपी गई सूची में से पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ बनाये जाने पर अपनी सहमति की मुहर लगा दी।
तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ने देशभर से आये आवेदन की स्क्रूटनी कर मंगलवार की रात में अपनी रिपोर्ट सौंप दी। रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद बुधवार की शाम ट्रस्ट की हुई बैठक में पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को पहला सीईओ बनाए जाने का ऐलान किया। मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर में पश्चिमी वायु कमान को लीड किया और एयरफोर्स में 39 साल काम किया।
उल्लेखनीय है कि मंदिर ट्रस्ट में आये दान चढ़ावे चोरी के मामले के बाद मंदिर ट्रस्ट में पूर्ण कालिक सीईओ की नियुक्ति करने का फैसला करते हुए सरकार ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल वी के चतुर्वेदी और पूर्व परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावड़े की तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया। कमेटी ने देशभर से आए 5,585 आवेदनों की गहन स्क्रूटनी के बाद तीन शीर्ष योग्य अभ्यर्थियों का एक अंतिम पैनल तैयार कर मंगलवार को ट्रस्ट को सौंपा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को नया महासचिव बनाया गया है। बैठक में ट्रस्टी बनाए गए महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष का चार्ज दिया गया। नए सीईओ और कोषाध्यक्ष महासचिव गोविंद देव गिरि को ही रिपोर्ट करेंगे। ट्रस्ट में दिल्ली के महेश भागचंदका समेत 3 नए सदस्य भी बनाए गए हैं। इनमें अयोध्या के एडवोकेट मदन मोहन पांडेय और आरएसएस समर्थक शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं। निर्मला यादव ट्रस्ट की पहली महिला ट्रस्टी होंगी।

Posted inNational News
