बिलाईगढ़। नगर पंचायत भटगांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा नगर “द” में दूसरी कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के प्रधान पाठक ने बच्चे को लकड़ी के डंडे से मार दिया, जिससे उसके सिर में गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।
यह घटना 24 फरवरी की है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बच्चे का सिर फट गया और उसकी स्कूल यूनिफॉर्म खून से भीग गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिवार के सदस्य कुछ जनप्रतिनिधियों और पड़ोसियों के साथ स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने प्रधान पाठक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पहुंचे मीडिया से बातचीत में परिजनों ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने लकड़ी के बिटनुमा डंडे से बच्चे के सिर पर वार किया, जिससे गंभीर चोट आई। उनका कहना है कि स्कूल में बच्चों के साथ इस तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, संबंधित प्रधान पाठक ने मीडिया को बताया कि उन्होंने बच्चे को डंडे से मारा था, लेकिन सिर पर लगी चोट डंडे से नहीं लगी है। उनका कहना है कि चोट किस कारण से लगी, इसकी जांच की जानी चाहिए।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। परिजनों ने शिक्षा विभाग से शिकायत करने की बात कही है। फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई और जांच की प्रतीक्षा की जा रही है।

Posted inChhattisgarh News
