सक्ती। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजा-भाटापार और सक्ती जिले के डभरा में शराब के धंधे में सब-कुछ उलटा-पुलटा हो रहा है। सेल्समैन के घर देशी शराब की फैक्ट्री के खुलासे के बाद मामला ठंडा भी नहीं हो पाया है, अब देशी शराब के सीलपैक बाेतल में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया है। सीलपैक शराब की बोतल और कीड़ा, सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
सक्ती जिले के डभरा सरकारी शराब दुकान से सीलपैक देशी शराब की बोतल के भीतर कीड़ा मिलने के बाद वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सबसे ज्यादा नाराजगी शराब प्रेमियों में देखी जा रही है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को लेकर कुछ इसी अंदाज में कमेंट्स भी आने लगे हैं। शराब की बाेतल में कीड़ा मिलने की इस घटना के बाद शराब दुकान के सेल्समैन के घर में देशी शराब बनाने की फैक्ट्री का वीडियो भी एक बार फिर तेजी के साथ वायरल होने लगा है।
छत्तीसगढ़ बलौदाबाजार- भाटापारा जिले की शराब दुकानों में चल रहे एक बड़े फर्जीवाड़ा और रैकेट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम संडी में मंगलवार की देर रात ग्रामीणों ने ऐसा खुलासा किया, जिसने आबकारी विभाग और शराब कारोबार के बीच लंबे समय से चले आ रहे गठजोड़ को सामने लाकर खड़ा कर दिया है।
ग्रामीणों ने शराब दुकान के पास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ लिया। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने जो बताया, उसे सुनकर ग्रामीण हैरान रह गए। युवकों ने बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लाकर दुकान में रख रहे हैं।
दो युवकों के खुलासे के बाद ग्रामीण सीधे सेल्समैन के घर पहुंच गए। वहां का नजारा देखकर सभी चौंक गए और हैरान रह गए, घर के आसपास बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान रखा मिला। देखते ही देखते गांव में यह बात फैल गई, कहीं लंबे समय से नकली या मिलावटी शराब तैयार कर ग्राहकों को बेच तो नहीं रहे हैं।
ग्रामीणों ने तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही आबकारी अमला हरकत में आया और देर रात छापेमारी कर सेल्समैन सूरज टंडन सहित उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री, खाली शीशियां और शराब तैयार करने में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।

Posted inChhattisgarh News
