सेंट्रल GST टीम की बड़ी कार्रवाई : कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार, 17 करोड़ से ज्यादा के फर्जी ITC का आरोप

सेंट्रल GST टीम की बड़ी कार्रवाई : कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार, 17 करोड़ से ज्यादा के फर्जी ITC का आरोप

रायपुर। सेंट्रल जीएसटी की टीम ने एक बा​र फिर बड़ी कार्रवाई की है। जीएसटी फर्जीवाड़े के एक बड़े मामले में सेंट्रल जीएसटी ने मध्यप्रदेश के कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, जयदीप सिंह चंदेल और उनकी कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड पर फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेने का आरोप है। CGGST को सूचना मिली थी कि कंपनी बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री के फर्जी इनवॉइस के आधार पर टैक्स लाभ ले रही है। इसके बाद 28 नवंबर 2025 को कंपनी के ठिकानों पर सर्च और जांच की गई। जांच के दौरान कई दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए।
विभाग का दावा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी ने कथित रूप से फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों के बिलों के आधार पर करीब 15.14 करोड़ रुपये का अवैध ITC लिया। इसके अलावा जीएसटी रिटर्न की जांच में लगभग 1.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टैक्स लाभ का मामला भी सामने आया। इस तरह कुल 17.13 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी ITC लेने का आरोप लगाया गया है।
जांच के दौरान जयदीप सिंह चंदेल का बयान भी दर्ज किया गया। दस्तावेजों के मुताबिक उन्होंने DRC-03 के तहत 19.98 लाख रुपये जमा कराए हैं। सीजीजीएसटी का कहना है कि जिन कंपनियों के माध्यम से टैक्स क्रेडिट लिया गया, उनमें से कई के जीएसटी पंजीकरण पहले ही रद्द किए जा चुके थे। विभाग इसे फर्जी बिलिंग और कर चोरी का संगठित मामला मान रहा है।फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *