मालगेर नदी में नहाने गए 4-4 साल के दो मासूम की डूबने से हुई मौत

मालगेर नदी में नहाने गए 4-4 साल के दो मासूम की डूबने से हुई मौत

सुकमा। जिले के गादीरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम एटपाल के कवासीपारा में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। मालगेर नदी में डूबने से 4-4 वर्ष के दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान गीता करटामी (4 वर्ष) और अशोक पोडियम (4 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे सुबह घर से खेलते-खेलते मालगेर नदी की ओर चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नदी किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल नदी में तलाश अभियान चलाया गया। कुछ देर बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय बच्चों के परिजन जंगल में लकड़ी लेने गए हुए थे, और बच्चे घर पर अकेले थे। इसी दौरान वे नदी तक पहुंच गए और हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। प्रशासन ने अभिभावकों से छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा नदी, तालाब और अन्य जल स्रोतों के आस-पास अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *