नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर पर बलात्कार का मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर पर बलात्कार का मामला दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस

रायपुर। सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में पदस्थ नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर के खिलाफ गंज पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत के बाद बीएनएस की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाली बातों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी पर शादी का झांसा देकर होटल में शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।
बताया जाता है कि नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर और युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसी दौरान नायब तहसीलदार ने युवती को शादी करने का भरोसा दिलाते हुए उसे रायपुर के होटल में बुलाया और संबंध बनाए। संबंध बनने के बाद जब उसने शादी को लेकर बात की, तो दिवाकर भास्कर लगातार टालमटोल करने लगा। बाद में उसे एहसास हुआ कि शादी का आश्वासन देकर उसके साथ धोखे से संबंध बनाए गए हैं। इसके बाद उसने गंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ है। बताया जा रहा है कि मामला दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसने 6 जून से मेडिकल लीव ले रखी है। तब से वह कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुआ है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। निवास समेत अन्य स्थानों पर भी टीम भेजी गई है। हालांकि देर शाम तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच के दौरान होटल में ठहरने से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *