कोरबा। छत्तीसगढ़ कोरबा वन मंडल के लेमरू फारेस्ट रेंज में लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पांच संदिग्ध तस्करों के ठिकानों पर मेगा सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पांच लाख रुपये कीमत की 306 नग अवैध लकड़ी के चिरान की जब्ती बनाई है।
वन विभाग के अफसरों को ग्राम लेमरू और कुटुरूवां में बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी भंडारण करने का इनपुट मिला था। पुख्ता इनपुट के बाद सर्च वारंट जारी किया गया। वन विभाग और पुलिस की साझा टीम बनाई गई। संयुक्त टीम ने सर्च वारंट के साथ पांच संदिग्ध ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान संयुक्त टीम ने लेमरू के दिनेश कुमार तंवर के घर से साल के दो नग चिरान (0.122 घनमीटर), सुरेश कुमार सिंह तंवर के घर से साल के 68 नग चिरान (1.272 घनमीटर), कलमी प्रजाति के दो नग चिरान (0.123 घनमीटर) जब्त किए। ग्राम कुटुरूवां निवासी शिशुपाल देवांगन के घर से बीजा के तीन नग चिरान (0.042 घनमीटर) तथा साल प्रजाति के 231 नग चिरान (3.975 घनमीटर) बरामद किए गए।
सुरक्षा के लिहाज से छापामार टीम में थाना लेमरू पुलिस बल सहित वन विभाग के करीब 30 अधिकारी-कर्मचारियों को शामिल किया गया था। इस दौरान लेमरू, बालको और पसरखेत वन परिक्षेत्र के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। छापामार दल में परिक्षेत्र सहायक श्रवण कुमार गायकी, रामेश्वर सिंह सिदार, वन परिक्षेत्राधिकारी लेमरू देवव्रत सिन्हा, बालको के जयंत सरकार, पसरखेत के देवदत्त खांडे तथा कुदमुरा की विक्रांता सिंह कंवर शामिल रहे।

Posted inChhattisgarh News
