बीजापुर । जिले के जांगला थाना क्षेत्र में भालू के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोटेमेटा गांव निवासी रिंकू मंडावी शुक्रवार को पहाड़ी क्षेत्र में घूमने गया था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को भालू के चंगुल से बचाया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया तथा 108 एम्बुलेंस की मदद से जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक की हालत गंभीर है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने से ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए लोगों से जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में अकेले नहीं जाने तथा विशेष रूप से शाम के समय सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में बस्तर संभाग में भालू के हमलों की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के आसपास के वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Posted inChhattisgarh News
