एमसीबी । छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को देखते हुए एमसीबी जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। विधानसभा में जिले से जुड़े प्रश्नों के समयबद्ध एवं तथ्यात्मक जवाब उपलब्ध कराने और प्रशासनिक कार्यों को निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जिले के सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक अथवा अपरिहार्य कारणों से अवकाश पर जाना हो या मुख्यालय छोड़ना हो, तो इसके लिए सक्षम कार्यालय प्रमुख की पूर्व स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। संबंधित विभागाध्यक्ष या कार्यालय प्रमुख की लिखित अनुमति मिलने के बाद ही मुख्यालय छोड़ने अथवा अवकाश पर जाने की अनुमति दी जाएगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य विधानसभा सत्र के दौरान जिले से संबंधित सभी प्रश्नों के सटीक, प्रमाणिक और समय-सीमा के भीतर उत्तर उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही शासन स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Posted inChhattisgarh News