ब्लैकमेलिंग के आरोप में यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह पर दूसरी एफआईआर, महिला से उगाही का आरोप

ब्लैकमेलिंग के आरोप में यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह पर दूसरी एफआईआर, महिला से उगाही का आरोप

दुर्ग । पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद में चर्चित हुए यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की कानूनी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, उगाही और धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम उमदा निवासी नेहा मिश्रा ने 25 जून को पुरानी भिलाई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। नेहा पिछले पांच वर्षों से गांव में ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) का संचालन कर रही हैं।
शिकायत में नेहा ने बताया कि कुछ समय पहले सागर साहू और पुष्पराज सिंह आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके केंद्र पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने बातचीत को तोड़-मरोड़कर उसका वीडियो तैयार किया और उसे समाचार के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल करने की योजना बनाई।
महिला का आरोप है कि 3 जून को वीडियो हटाने के बदले उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी से 35 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। शिकायत के मुताबिक, रकम मिलने के बाद वीडियो हटा दिया गया, लेकिन बाद में दोनों ने फिर 2 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के अनुसार, दो लाख रुपये नहीं देने पर आरोपियों ने महिला के खिलाफ तीन से अधिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और उन्हें अपने ग्राहक सेवा केंद्र जाने में भी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई अन्य महिला इस तरह की कथित ब्लैकमेलिंग का शिकार न बने।
पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *