बेरला क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

बेरला क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा। जिले के बेरला क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की सक्रिय कार्रवाई के तहत विभिन्न गांवों में दबिश देकर अवैध शराब की जब्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा प्रकरण दर्ज करने जैसी प्रभावी कार्रवाई की गई है। जिला आबकारी अधिकारी द्वारा कलेक्टर को भेजी गई प्रतिवेदन के अनुसार, समाचार पत्र में प्रकाशित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री सचिवालय के निर्देशानुसार तत्काल जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई। आबकारी अमले ने वृत्त-बेरला क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं सघन गश्त करते हुए कई स्थानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान ग्राम टकसिवा निवासी सुमित्रा सोनवानी पति राजेंद्र सोनवानी के रिहायशी परिसर से अवैध रूप से विक्रय हेतु रखी गई देशी मसाला शराब जब्त की गई। वहीं ग्राम कोदवा निवासी कुशाल बारले पिता तारण बारले के कब्जे से भी अवैध देशी मदिरा बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा ग्राम रांका सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। आबकारी विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं सूचना संकलन के माध्यम से अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं।
आबकारी विभाग ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक वृत्त-बेरला क्षेत्र में अवैध मदिरा से संबंधित 24 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक वाहन भी जब्त किया गया है। विभाग द्वारा नियमित गश्त, छापामार कार्रवाई एवं जन सूचनाओं के आधार पर अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी ने कहा कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग की लगातार सक्रियता से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *