फरसगांव तहसील कार्यालय में ACB की कार्रवाई, तहसीलदार का रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

फरसगांव तहसील कार्यालय में ACB की कार्रवाई, तहसीलदार का रीडर 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

कोंडागांव ।  एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को फरसगांव तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर नामांतरण प्रकरण में नाम जोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
ACB के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने शिकायत की थी कि उनके पिता और बुआ का नाम नामांतरण रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए रीडर ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किस्तों में 35 हजार रुपये दे चुका था। इसके बाद तीसरी किस्त के रूप में 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
मंगलवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता जैसे ही आरोपी को 10 हजार रुपये देने पहुंचा, पहले से मौजूद ACB टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
ACB के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विधिवत सत्यापन किया गया और साक्ष्य मिलने पर ट्रैप कार्रवाई की गई। आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। ACB की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *