रायगढ़ में 25 हाथियों के दल ने सड़क पार की, वन विभाग ने रोक दिया ट्रैफिक

रायगढ़ में 25 हाथियों के दल ने सड़क पार की, वन विभाग ने रोक दिया ट्रैफिक

रायगढ़।  जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 6 बजे 25 हाथियों का दल सड़क पार करता नजर आया। हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने चारमार क्षेत्र में दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी। इस दौरान हाथियों का दल सुरक्षित रूप से सड़क पार कर पानीखेत और पाकादरहा के जंगल की ओर बढ़ गया।
वन विभाग को पहले ही सूचना मिल गई थी कि हाथियों का बड़ा दल चारमार के जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पार करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए ट्रैफिक रोक दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और हाथियों का वीडियो बनाने लगे।
वनकर्मियों ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथियों के पास नहीं जाने की अपील की। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि दल में नर, मादा और शावक भी शामिल हैं। वन विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
रायगढ़ जिले में 100 से अधिक हाथियों की मौजूदगी के कारण उन्हें एक जंगल से दूसरे जंगल तक जाने के लिए कई बार सड़कें पार करनी पड़ती हैं। इसे देखते हुए वन विभाग सतर्कता बरत रहा है। प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को अकेले जंगल नहीं जाने और हाथियों से छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *