नल-जल योजना के 6 लाख के डीआई पाइप चोरी का खुलासा, मध्यप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

नल-जल योजना के 6 लाख के डीआई पाइप चोरी का खुलासा, मध्यप्रदेश से आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने शासकीय नल-जल योजना से जुड़े करीब छह लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए डीआई पाइप बरामद कर अंतर्राज्यीय चोरी के मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई कार्रवाई में थाना लोरमी पुलिस ने चोरी हुए 24 डीआई पाइप बरामद किए। पुलिस के अनुसार, ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड स्थित निर्माण स्थल पर नल-जल योजना के तहत रखे गए 30 पाइपों में से 24 पाइप 10 जून 2026 के आसपास चोरी हो गए थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये थी। शिकायत के आधार पर थाना लोरमी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस मध्यप्रदेश के अनुपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली क्षेत्र पहुंची। वहां एक कबाड़ी की दुकान पर दबिश देकर चोरी के पाइप बरामद किए गए। पूछताछ में दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव (20) ने बताया कि पाइप ट्रक के जरिए लाकर कबाड़ के रूप में खरीदे गए थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जांच में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर उसे न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे चोरी नेटवर्क की जांच जारी है। सरकारी संपत्ति की चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *