सतरेंगा में पिकनिक बनी मातम: SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत

सतरेंगा में पिकनिक बनी मातम: SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एक SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार देर शाम नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। 
मृतक की पहचान कोरबा निवासी सुभांशु ध्रुव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुभांशु रविवार को अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने और पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी दोस्त नदी में बने एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। रास्ते में सुभांशु ने वापस लौटने का फैसला किया, लेकिन इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने युवक को बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर श्यांग और लेमरू थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि रात होने और नदी में तेज बहाव के कारण रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया। दिनभर चले अभियान के बाद देर शाम टीम ने सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सुभांशु की मौत उसके परिवार के लिए बड़ा सदमा है। करीब चार साल पहले उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद सुभांशु को अनुकंपा नियुक्ति के तहत SECL में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई साल से SECL कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार का एकमात्र कमाने वाला होने के कारण उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *