सारंगढ़-बिलाईगढ़ । ग्राम पंचायत डोकरीडीह में सीसी रोड निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों और सरपंच के बीच विवाद गहरा गया। निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध किया, जिसके बाद सरपंच पक्ष के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और निर्माण कार्य रोकना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 250 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह गांव की मुख्य सड़क है, जिससे भारी वाहनों से लेकर दोपहिया वाहनों तक का नियमित आवागमन होता है। ऐसे में सड़क का निर्माण गुणवत्ता के साथ होना आवश्यक है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की चौड़ाई 4 मीटर और मोटाई 7 से 8 इंच रखी जानी थी, लेकिन निर्माण कार्य में इन मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। जब उन्होंने इस संबंध में आपत्ति जताई तो विवाद की स्थिति बन गई।
वहीं सरपंच का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान कुछ ग्रामीण आक्रोशित होकर मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से विवाद करने लगे। उनका दावा है कि ग्रामीणों की आपत्ति के बाद निर्माण में आवश्यक सुधार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने हंगामा किया और हाथापाई की स्थिति पैदा कर दी। उन्होंने कहा कि विवाद के चलते फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुसार कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्माण में सुधार नहीं किया गया तो वे कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग करेंगे।
फिलहाल निर्माण कार्य बंद है। अब ग्रामीणों की मांग को देखते हुए संबंधित विभाग द्वारा निर्माण कार्य की जांच कर गुणवत्ता की पुष्टि किए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि विवाद समाप्त हो और सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा हो सके।

Posted inChhattisgarh News
