पत्रकार पर जानलेवा हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पत्रकार पर जानलेवा हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

सारंगढ़ । सारंगढ़ में एक पत्रकार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पत्रकार संगठनों में आक्रोश फैल गया। प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात आदर्श पेट्रोल पंप के पास कुछ असामाजिक तत्व एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे पत्रकार रवि तिवारी और उनके साथी किशन गुप्ता ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने ट्रक चालक को छोड़ पत्रकार और उनके साथी पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, सोनू यादव, हनी चिट्ठा और उनके अन्य साथियों ने अपने गैंग के लोगों को हथियारों के साथ मौके पर बुलाया और चाकू, लकड़ी के डंडे तथा बेल्ट से हमला कर दिया। हमले के दौरान सोनू यादव ने कथित रूप से चाकू से वार किया, जिससे पत्रकार रवि तिवारी की आंख के पास गंभीर चोट आई और उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। वहीं किशन गुप्ता को भी हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों घायलों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सारंगढ़ प्रेस क्लब ने आपात बैठक बुलाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रेस क्लब के पदाधिकारी और पत्रकार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे तथा ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *