बिलासपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 59 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त, 8 तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 59 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त, 8 तस्कर गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने नशे के कारोबार पर दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल आठ अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग मामलों में 3.264 किलोग्राम डोडा-पोस्ता और 55.150 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
तोरवा थाना पुलिस ने महमंद बायपास रोड पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर चारों भागने लगे, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके थैलों से छह पॉलिथीन पैकेटों में रखा 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा-पोस्ता बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में दो पंजाब, एक बिलासपुर और एक मुंगेली का निवासी है। आरोपियों के पास मादक पदार्थ रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने अपराध क्रमांक 379/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई में बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने 55 किलो 150 ग्राम गांजा के साथ दो महिलाओं सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 27.57 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं तथा गांजा को 32 पैकेटों में छिपाकर ले जा रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जीआरपी के अनुसार, बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *