बस्ती में भटके हिरण पर कुत्तों का हमला, वन विभाग के पहुंचने से पहले मौत

बस्ती में भटके हिरण पर कुत्तों का हमला, वन विभाग के पहुंचने से पहले मौत

बलरामपुर। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम बड़कीमहरी में रविवार को जंगल से भटककर बस्ती में पहुंचे एक हिरण की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल हिरण ने वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर हिरण जंगल से निकलकर बड़कीमहरी गांव में पहुंच गया। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
हिरण की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर उसे बचाने का प्रयास किया। स्थानीय युवक राजू ठाकुर ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हिरण की मौत हो गई। इसके बाद वन विभाग ने मृत हिरण को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिरण के शव का परीक्षण कराने के बाद नियमानुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में भटककर आने की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए ऐसे मामलों में त्वरित बचाव व्यवस्था की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *