भाटापारा में बंदूक की नोक पर ज्वेलरी व्यापारी से लूट

भाटापारा में बंदूक की नोक पर ज्वेलरी व्यापारी से लूट

बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलरी व्यापारी को निशाना बनाते हुए बंदूक की नोक पर सोने-चांदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बलराम सोनी रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम तरेंगा से अपनी ज्वेलरी दुकान के लिए ग्राम रोहरा जा रहे थे। वह बाइक से अकेले सफर कर रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते पर सामने से दो अलग-अलग बाइक पर सवार बदमाश पहुंचे और उनकी बाइक को जबरन रोक लिया।
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों में से एक ने बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी और उनके हाथ में मौजूद सोने-चांदी के जेवरों से भरा थैला छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में व्यापारी लूटे गए जेवरों के संबंध में कोई बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। इसलिए लूटे गए आभूषणों की वैधता और मात्रा की भी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही भाटापारा ग्रामीण, भाटापारा शहर, सिमगा, लिमतरा, सुहेला, हथबंद सहित आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को अलर्ट कर संभावित मार्गों पर नाकेबंदी की गई।
साथ ही साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीमें ग्राम तरेंगा से ग्राम रोहरा के बीच लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *