रायपुर में थाने के पास SBI में सेंधमारी की कोशिश

रायपुर में थाने के पास SBI में सेंधमारी की कोशिश

रायपुर। रायपुर में पुलिस थाने से करीब 200 मीटर दूर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में चोरों ने सेंधमारी की कोशिश की है। अज्ञात आरोपी खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए। उन्होंने बैंक के अंदर लगे CCTV कैमरों को नुकसान पहुंचाया और मैनेजर के केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए।
चोर इसके बाद स्ट्रांग रूम तक पहुंचे। उन्होंने वहां लगे ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला भी टूटा मिला। हालांकि, आरोपी लॉकर तक पहुंचकर उसमें रखी रकम चोरी करने में सफल नहीं हो सके। इससे बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम सुरक्षित बच गई।
वारदात के दौरान आरोपियों ने बैंक की निगरानी व्यवस्था को भी निशाना बनाया। CCTV कैमरों को तोड़ने के साथ उनके तार काट दिए गए। आशंका है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने और घटना से जुड़े सबूत मिटाने के लिए ऐसा किया। पुलिस अब बैंक के बाहर और आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में दाखिल हुए। अंदर पहुंचने के बाद उन्होंने पहले कंप्यूटर से जुड़े उपकरण चोरी किए और फिर स्ट्रांग रूम की ओर बढ़े। चार ताले तोड़ने के बावजूद वे लॉकर में रखी रकम तक नहीं पहुंच पाए।
घटना की सूचना मिलने पर सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और उन्होंने बैंक की रेकी कब से शुरू की थी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *