बस्तर फाइटर्स में 4600 पदों के लिए होगी सीधी-भर्ती:स्थानीय बोली पर 20 अंक बोनस

बस्तर फाइटर्स में 4600 पदों के लिए होगी सीधी-भर्ती:स्थानीय बोली पर 20 अंक बोनस

रायपुर। बस्तर संभाग के स्थानीय युवाओं को पुलिस सेवा से जोड़ने के लिए बस्तर फाइटर्स में 4600 आरक्षकों की सीधी भर्ती होगी। भर्ती की खास बात यह है कि स्थानीय भाषा-बोली जानने वाले अभ्यर्थियों को 20 बोनस अंक मिलेंगे। गृह विभाग ने भर्ती की नियमावली तैयार कर ली है। पुलिस मुख्यालय इसके लिए अलग से विज्ञापन जारी करेगा।
भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का संबंधित जिले का स्थानीय निवासी होना अनिवार्य होगा। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। एसटी वर्ग के अभ्यर्थी 5वीं पास होने पर भी पात्र होंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के नक्सल पीड़ित परिवारों और राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के सभी वर्गों के उम्मीदवारों को भी 5वीं पास होने पर मौका मिलेगा।
अभ्यर्थियों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को अधिकतम आयु सीमा में पांच साल की छूट मिलेगी। महिलाओं, पूर्व सैनिकों, नगर सैनिकों और संविदा कर्मचारियों को भी नियमानुसार आयु सीमा में अतिरिक्त छूट दी जाएगी। चयन प्रक्रिया 200 अंकों की होगी। पहले 100 अंकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा में लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 100 और 800 मीटर दौड़ होगी।
सामान्य वर्ग को न्यूनतम 60% और एससी-एसटी व ओबीसी को 50% अंक लाने होंगे। मेरिट के आधार पर लिखित परीक्षा के लिए चयन होगा। इसमें सामान्य ज्ञान, बुद्धि-विवेक, स्थानीय भूगोल-संस्कृति और अंकगणित के प्रश्न होंगे। इसके बाद तीन गुना अभ्यर्थियों का 20 अंकों का इंटरव्यू होगा।
आरक्षण और पेंशन का नया विकल्प इस भर्ती में स्थानीय महिलाओं को 30%, 3 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके होम-गार्ड्स को 25% और भूतपूर्व सैनिकों को 10% का आरक्षण मिलेगा। चयनित जवानों को सरकार द्वारा नई पेंशन प्रणाली के तहत एनपीएस या यूपीएस (एकीकृत पेंशन योजना) में से किसी एक को चुनने का अधिकार होगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *