दुर्ग. छत्तीसगढ़ पुलिस की नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में दुर्ग पुलिस ने अंडा क्षेत्र में चल रहे अवैध गुटका निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. यहाँ वाशिंग पाउडर की आड़ में गुटखा बनाने का काम चल रहा था. पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, मामला अंडा थाना क्षेत्र के कुथरेल गाँव और अंडा गाँव का है. पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना मिली थी कि कुथरेल और अंडा गाँव में अवैध रूप से गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग का काम चल रहा है. वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में नकली गुटखा बनाया जा रहा है.
इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना अंडा पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दोनों इलाकों में चल रहे अवैध गुटका निर्माण फैक्ट्री छापा मारा. छापेमारी में पुलिस को भारी मात्रा में गुटका बनाने में इस्तेमाल किये जा रहे सामन मिले जिसे देख हैरान रह गए. यहाँ बिना किसी लाइसेंस के अवैध तरीके से काम चल रहा है.
मौके से गुटका बनाने का विभिन्न प्रकार का कच्चा माल, मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा तैयार एवं अर्द्धनिर्मित उत्पाद बरामद किए गए. जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने गोदामों को सील कर सामान को जांच के लिए भेजा है.
साथ ही पुलिस में अवैध गुटका निर्माण कार्य में लगे 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
गिरफ्तार सभी आरोपी यूपी के अलग अलग जिलों के रहने वाले हैं, जिनमे बांदा निवासी बिरेन्द्र तिवारी (47 वर्ष), हरदोई निवासी सुभाष कुमार गौतम (25 वर्ष), उन्नाव निवासी सुनील कुमार राजपूत (30 वर्ष), करण राजपूत (18 वर्ष), राजू मस्ताना (32 वर्ष), बसंत राजपूत (20 वर्ष), कानपुर निवासी राजकुमार यादव (47 वर्ष), सोनू यादव, (35 वर्ष)फतेहपुर निवासी रमेश कुमार निषाद (40 वर्ष) और सतेन्द्र कुमार यादव (35 वर्ष) शामिल है.
वहीँ, दुर्ग पुलिस ने अपील की है, अवैध एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री संबंधी किसी भी सूचना की तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें. नागरिकों का सहयोग अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है.”

Posted inChhattisgarh News
