बिलासपुर में बदमाशों का आतंक, ढाबा कर्मचारी को पीटकर की लूट

बिलासपुर में बदमाशों का आतंक, ढाबा कर्मचारी को पीटकर की लूट

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित एक ढाबे में आधी रात चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने ढाबे में शराब मांगने से मना करने पर विवाद किया और फिर जान से मारने की धमकी देकर गल्ले से नकदी लूट ली।
जानकारी के अनुसार, नवापारा स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन युवक पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। ढाबा कर्मचारियों ने मना किया तो आरोपी विवाद करने लगे। इसी दौरान उन्होंने चाकू निकालकर धमकाना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ आरोपियों ने डंडे, स्टील पाइप और मुक्कों से जमकर मारपीट की।
इसके बाद आरोपी ढाबे के गल्ले से 4,500 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करैहापारा में दबिश दी और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम के साथ वारदात में इस्तेमाल चाकू, लाठी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण उर्फ छोटू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *