दुर्ग । दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र स्थित कुंदरापारा में रविवार देर रात एक हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लेखराम कोठारी के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लेखराम कोठारी को हाल ही में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद रविवार रात कुंदरापारा में कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका का खुलासा किया जाएगा।

Posted inChhattisgarh News
