ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी सफलता, कपड़ा दुकान से लाखों की चोरी करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी सफलता, कपड़ा दुकान से लाखों की चोरी करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

लोरमी । मुंगेली जिले की चिल्फी थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए कपड़ा दुकान में लाखों रुपये की चोरी करने वाले कर्मचारी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले चार वर्षों से दुकान में कार्यरत था और मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर गल्ले से लगातार नकदी निकाल रहा था।
पुलिस के अनुसार, दुकान संचालक की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कर्मचारी की संदिग्ध गतिविधियां स्पष्ट रूप से सामने आईं।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने गल्ले से लगातार पैसे चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
प्रारंभिक जांच में करीब 1.50 से 2 लाख रुपये की चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306(2) के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
चिल्फी थाना पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन ‘बाज’ के तहत क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *